UP: गंगा किनारे मिला शिवलिंग, जानकारी के बाद जुटी श्रद्धालुओं की भीड़

UP: मुगलसराय,चंदौली के सूजाबाद क्षेत्र में गंगा किनारे एक शिवलिंग मिलने की चर्चा इन दिनों क्षेत्र में तेजी से फैल रही है। घटना को लेकर स्थानीय मछुआरों और ग्रामीणों ने अपना पक्ष रखा है, वहीं पुलिस भी पूरे मामले की जानकारी जुटाने और सत्यापन में लगी हुई है।

स्थानीय निवासी जितेंद्र साहनी और कल्लू साहनी के अनुसार लगभग एक सप्ताह पहले वे अपने साथियों के साथ नदी में महाजाल डालकर मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान जाल खींचते समय उसमें एक भारी पत्थर जैसी वस्तु फंस गई। पहले उन्हें लगा कि यह कोई साधारण बोल्डर है, लेकिन बाहर निकालने पर पता चला कि वह शिवलिंग है।

Also Read: दुनिया का सबसे बड़ा शिवलिंग! 1.8 लाख किलो वजन, चेन्नई से ले जाया जा रहा बिहार, चंपारण के इस मंदिर में होगी प्राण प्रतिष्ठा

ग्रामीणों के मुताबिक शिवलिंग को नदी से निकालकर किनारे सुरक्षित रखा गया। बाद में वहां पहुंचे कुछ लोगों ने श्रद्धा भाव से उसे एक ऊंचे स्थान पर स्थापित करने की इच्छा जताई, जिसके बाद शिवलिंग को वहां स्थापित कर दिया गया। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के क्षेत्रों से लोगों का आना-जाना शुरू हो गया और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी।

इसी बीच पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की। बातचीत के दौरान अधिकारियों ने शिवलिंग और वहां बने चबूतरे के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि शिवलिंग को उन्होंने साफ-सफाई के साथ सुरक्षित रखा है तथा चबूतरा काफी पुराना है, जो कई वर्षों से वहां मौजूद है।

Also Read- Ayodhya: राम मंदिर पर लहराया धर्म ध्वज, पीएम मोदी बोले- सदियों के घाव आज भर गए

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थल लंबे समय से धार्मिक आस्था का केंद्र रहा है। वहीं कुछ ग्रामीणों ने गंगा किनारे पानी भरने और जलस्तर बढ़ने से होने वाली समस्याओं का भी जिक्र किया।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम का सत्यापन कर रही है। क्षेत्र में शिवलिंग मिलने की खबर चर्चा का विषय बनी हुई है और बड़ी संख्या में लोग स्थल पर पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)