रायबरेली : सरकारी दफ्तरों की कार्यशैली पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर हुए औचक निरीक्षण में 147 अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी से गैरहाजिर मिले, जिसके बाद सभी का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश जारी किए गए हैं।
औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप
12 जून को डीएम के निर्देश पर जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों ने अपने-अपने क्षेत्रों के ब्लॉक कार्यालयों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का अचानक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे अधिकारियों को देखकर कई कार्यालयों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी अपनी सीटों से गायब मिले।
Also Read: UP: रायबरेली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के छह आरोपियों को दबोचा, गिरोह का सरगना भी चढ़ा हत्थे
ब्लॉक कार्यालयों में सबसे अधिक लापरवाही
जांच के दौरान विकास खंड अमावां में 2, सलोन में 3, छतोह में 9, महाराजगंज में 12, शिवगढ़ में 7, बछरावां में 5, लालगंज में 1, खीरों में 10, सरेनी में 7, डलमऊ में 4, रोहनियां में 11 और जगतपुर में 12 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
स्वास्थ्य विभाग की भी खुली पोल
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अमावां में 2, हरचंदपुर में 8, सलोन में 1, महाराजगंज में 1, शिवगढ़ में 6, सरेनी में 8 और डलमऊ में 14 स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से गैरहाजिर मिले। इसके अलावा नगर पंचायत डलमऊ के 4, ऊंचाहार के 17 तथा सीडीपीओ कार्यालय शिवगढ़ के 3 कर्मचारी भी अनुपस्थित पाए गए।
Also Read: UP: भाई निकला बहन का हत्यारा, गला दबाकर फेंका शव, आरोपी गिरफ्तार
147 कर्मचारियों का रोका गया एक दिन का वेतन
निरीक्षण रिपोर्ट सामने आने के बाद जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने सभी अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों से जवाब तलब करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
डीएम की चेतावनी, लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति और जनता के कार्यों का निस्तारण प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि इसी प्रकार की लापरवाही सामने आई तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ कड़े दंडात्मक कदम भी उठाए जाएंगे। डीएम की इस कार्रवाई के बाद जिले के विभिन्न सरकारी विभागों में कर्मचारियों के बीच सतर्कता बढ़ गई है और समय पर कार्यालय पहुंचने को लेकर गंभीरता दिखाई देने लगी है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































