UP में सड़क पर नियम तोड़े तो खैर नहीं! ARTO का एक्शन मोड ऑन, चालकों पर तेजी से चल रहा कानून का डंडा

UP: गोण्डा (Gonda) जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शासन के निर्देश पर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान की निगरानी एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय, सीओ ट्रैफिक और टीआई गोण्डा द्वारा की गई।

प्रमुख चौराहों पर चला सघन जांच अभियान

‘नो हेलमेट, नो डीएल’ अभियान के तहत शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और मार्गों पर वाहन जांच की गई। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया चलाने, ड्राइविंग लाइसेंस साथ न रखने, गलत दिशा में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग करने और यातायात संकेतों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को चिन्हित किया गया।

Also Read: फर्रुखाबाद: ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ का सख्ती से होगा पालन, गैस की कालाबाजारी पर भी डीएम-एसपी सख्त

150 वाहनों का चालान, 25 वाहन किए गए सीज

जांच अभियान के दौरान विभिन्न अनियमितताओं के कारण 20 दोपहिया वाहनों और पांच बड़े वाहनों को जब्त किया गया। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 150 वाहनों के चालान भी किए गए।

नियमों के पालन के लिए किया गया जागरूक

कार्रवाई के साथ-साथ अधिकारियों ने लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।

Also Read: UP: फर्रुखाबाद में एआरटीओ की बड़ी कार्रवाई, ओवरलोडिंग और बकाया टैक्स पर 9 ट्रक सीज

अभियान आगे भी रहेगा जारी

एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षित यातायात व्यवस्था पर प्रशासन का जोर

प्रशासन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना या वाहन जब्त करना नहीं है, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाना है, ताकि जिले में सुरक्षित और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था कायम की जा सके।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )