नाबालिग से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, चाचा पर चाकुओं से जानलेवा हमला

अमृतपुर, फर्रुखाबाद : राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सीडे चकरपुर में एक नाबालिग किशोरी से कथित छेड़छाड़ का विरोध करना उसके चाचा को भारी पड़ गया। आरोप है कि पहले पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर किशोरी के साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर धमकी देकर चला गया। इसके कुछ ही देर बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर किशोरी के चाचा पर चाकुओं से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते पुलिस ने गांव में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है।

पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 20 जून की शाम करीब छह बजे 16 वर्षीय किशोरी अपने घर में घरेलू कार्य कर रही थी। इसी दौरान पड़ोस का रहने वाला विंदरपाल घर में घुस आया और उसके साथ अशोभनीय हरकतें करने लगा। किशोरी के चाचा ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी और मौके से चला गया।

बताया गया है कि कुछ समय बाद जब किशोरी के चाचा खेत की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे इंदरपाल, विंदरपाल और धर्मेंद्र पुत्रगण पूरनलाल ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में घायल युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और मदद के लिए चीखने लगा।

Also Read: Lucknow Fire Accident: ‘100 सिलेंडर फटे, 1200 झुग्गियां जल कर राख…’, लखनऊ में भीषण आग का कहर, मचा हड़कंप
घायल की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसकी जान बचाई। इस दौरान आरोपियों ने परिजनों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 7 एवं 8 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)