रायबरेली में बैंक चेकिंग के नाम पर ठगी, बस स्टॉप पर वृद्ध से सोने की चेन और अंगूठी लेकर फरार हुए शातिर

UP: रायबरेली के बछरावां क्षेत्र में टप्पेबाजों ने एक बुजुर्ग को बैंक चेकिंग का डर दिखाकर लाखों के जेवर ठग लिए। घटना बछरावां बस स्टॉप की है, जहां बस का इंतजार कर रहे वृद्ध को पहले कार से लिफ्ट देने का लालच दिया गया और फिर सुनियोजित तरीके से उनके सोने के गहने हड़प लिए गए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

खुद को यात्री और बैंककर्मी बताकर रची साजिश

आजादनगर राजामऊ रोड निवासी जगदीश प्रसाद मिश्र के अनुसार, 24 जून की शाम करीब 4:20 बजे वह रायबरेली जाने के लिए बछरावां बस स्टॉप पर खड़े थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और खुद को रायबरेली जाने वाला यात्री बताते हुए अपनी कार से साथ चलने की बात कही। जब वह कार के पास पहुंचे तो वहां मौजूद दूसरे युवक ने खुद को बैंक की गाड़ी से जुड़ा कर्मचारी बताया। उसने कहा कि आगे पुलिस और बैंक की संयुक्त चेकिंग चल रही है, इसलिए सोने के आभूषण पहनकर जाना परेशानी का कारण बन सकता है। उसने सलाह दी कि अंगूठी और चेन उतारकर लिफाफे में सुरक्षित रख लें।

Also Read: ससुराल बना कुरुक्षेत्र, ‘खून के प्यासे’ सास-ससुर ने दामाद को सरेराह चाकुओं से गोदा, दर्दनाक मौत

लिफाफे में गहनों की जगह निकला कचरा

बुजुर्ग ने दोनों युवकों की बातों पर भरोसा कर अपनी सोने की अंगूठी और चेन उतार दी। आरोपियों ने बड़ी सफाई से गहनों की अदला-बदली कर लिफाफे को टेप से बंद कर वापस उनके हाथ में थमा दिया। कुछ देर बाद जगदीश प्रसाद को संदेह हुआ और उन्होंने कार से जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए। जब उन्होंने लिफाफा खोलकर देखा तो उसमें गहनों की जगह केवल काला कचरा भरा हुआ था। यह देखकर उनके होश उड़ गए।

पीड़ित की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा

ठगी का एहसास होने के बाद पीड़ित ने बछरावां थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी। रविवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Also Read: करोड़ों की पैतृक जमीन का खेल! तहसीलदार, पटवारी और पिता-पुत्र पर एफआईआर

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्धों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अनजान लोगों की बातों में आकर अपने कीमती सामान किसी को न सौंपें।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)