UP: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। सोमवार को सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक लंबे पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के कार्यकर्ता सत्ता में वापसी की तैयारी कर रहे हैं और सरकार बनने पर प्रदेश में फिर से गुंडाराज और दबंगई का माहौल बनाने की मंशा रखते हैं। पोस्ट की शुरुआत में उन्होंने अखिलेश यादव को ‘राजा बाबू’ कहकर संबोधित किया।
सुनिये, ‘राजा बाबू’ उर्फ अखिलेश यादव जी!
जान रहा हूं कि आपके समर्थकों का एक वर्ग अपनी लाठी को तेल पिला रहा है, तो दूसरा चाकू और तलवार में धार।
हमें मालूम है कि पिछले लगभग 10 साल से आप हम लोगों के खिलाफ अपने मन में भरकर बैठे हो।
बस सरकार बदलने का सपना देख रहे रहे हो कि किसी…
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) June 29, 2026
सपा कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप
राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के समर्थकों का एक वर्ग सत्ता में लौटने की उम्मीद में तैयारियां कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग लाठियां तैयार कर रहे हैं तो कुछ हथियारों की धार तेज करने में लगे हैं। उनका कहना था कि पिछले करीब दस वर्षों से सपा समर्थक केवल सरकार बनने का इंतजार कर रहे हैं ताकि सत्ता मिलते ही अपने पुराने तौर-तरीकों को फिर से लागू कर सकें।
बहुजन और गैर-यादव पिछड़ों को लेकर जताई आशंका
कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि यदि समाजवादी पार्टी सत्ता में आती है तो सबसे अधिक निशाना गैर-यादव पिछड़े और बहुजन समाज के लोग बनेंगे। उन्होंने पाल, प्रजापति, बिंद, केवट, मल्लाह, राजभर, निषाद, मांझी, दर्जी, तेली, लोनिया, फकीर और बंजारा समेत कई समुदायों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि इन वर्गों के लोगों के साथ अत्याचार, जमीनों पर कब्जे और सामाजिक उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ सकती हैं।
2027 चुनाव को लेकर दी खुली चुनौती
ओमप्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट के अंत में समाजवादी पार्टी को राजनीतिक चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज अब पहले की तुलना में अधिक जागरूक है और वह किसी भी कीमत पर अपने अधिकारों और सम्मान से समझौता नहीं करेगा। राजभर ने दावा किया कि 2017 और 2022 की तरह 2027 के विधानसभा चुनाव में भी समाजवादी पार्टी को जनता करारा जवाब देगी और उसे चुनावी मैदान में पूरी तरह पराजित कर देगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































