अमेठी : अमेठी कोतवाली क्षेत्र के सरैया दुबान गांव में एक विधवा महिला ने गांव के कुछ लोगों पर उसकी पक्की दीवार गिराकर जमीन पर कब्जा करने और विरोध करने पर एससी – एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
एफआईआर के अनुसार, सरैया दुबान निवासी प्रेमा देवी पत्नी स्वर्गीय कंदर्प नारायण दूबे ने शिकायत में बताया कि उसकी हिस्सेदारी की भूमि पर करीब 27 फीट लंबी और 6 फीट ऊंची पक्की दीवार बनी हुई थी। आरोप है कि 3 जून 2026 को गांव के गुलशन, लोकनाथ, राहुल कोरी, धीरज कोरी समेत अन्य लोगों ने दीवार गिराकर वहां मिट्टी डाल दी और रास्ता बनाते हुए जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया.
पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की, मारपीट का प्रयास किया तथा एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी. महिला के मुताबिक, जब भी वह पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना देती थी, आरोपी काम बंद कर मौके से चले जाते थे, लेकिन पुलिस के लौटते ही फिर से कथित अतिक्रमण शुरू कर देते थे.
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों द्वारा लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है. पीड़िता ने स्वयं को गरीब एवं असहाय विधवा बताते हुए पुलिस प्रशासन से अवैध कब्जा हटवाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा क्षतिग्रस्त दीवार का पुनर्निर्माण करवाने की मांग की है.
अमेठी कोतवाली प्रभारी श्रीराम पाण्डेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी.

















































