लखनऊ : 2027 में तीसरी बड़ी जीत का मंत्र दिया नितिन नवीन, कहा- कागजी नहीं, जमीन पर उतरकर काम करो

लखनऊ : भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश के अपने पहले दो दिवसीय दौरे पर नई प्रदेश टीम के साथ विस्तृत बैठक की। एयरपोर्ट से सीधे प्रदेश कार्यालय पहुंचकर उन्होंने जिलाध्यक्षों, क्षेत्रीय अध्यक्षों और मोर्चा अध्यक्षों को 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर सख्त निर्देश दिए।

नितिन नवीन की सख्ती और नसीहत

नितिन नवीन ने बैठक में साफ कहा कि जो नेता असमर्थ हैं, वे अभी जिम्मेदारी छोड़ दें। उन्होंने चेतावनी दी कि चुनाव प्रबंधन प्रभावित नहीं होना चाहिए। “कागजी रिपोर्टिंग बंद करो, जमीन पर उतरकर काम करो”, यह उनका मुख्य संदेश रहा।

2027 चुनाव को लेकर तैयारियां

नितिन नवीन ने कहा कि 2027 का माहौल अच्छा है, लेकिन किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने हर गांव और हर बूथ तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया। कहा, “गांव में डेरा डालेंगे तो जीत तय है”।

उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के कामों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।

संगठनात्मक निर्देश
नितिन नवीन ने कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्देश दिए:

– हर मंडल, जिला और प्रदेश स्तर की बैठकें तय समय पर हों
– हर महीने की गतिविधियों की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रदेश महामंत्री संगठन को सौंपें
– मन की बात से पहले सेक्टर बैठक अनिवार्य
– मन की बात के बाद बूथ स्तर की बैठक जरूर करें
– हर पहले रविवार को शक्ति केंद्र की बैठक आयोजित करें
– 100% बूथों पर मन की बात का प्रसारण सुनिश्चित करें

सोशल मीडिया पर सख्त हिदायत

नितिन नवीन ने सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं की जानकारी रोज साझा करें। साथ ही पार्टी नेताओं पर नकारात्मक टिप्पणी से बचें। उन्होंने चेतावनी दी कि अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में शामिल प्रमुख नेता

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। नई प्रदेश टीम के साथ यह पहली परिचयात्मक बैठक थी, जिसमें नितिन नवीन ने सभी को व्यक्तिगत रूप से भी संबोधित किया।

यह बैठक भाजपा में नई ऊर्जा और अनुशासन का संदेश देने वाली मानी जा रही है। नितिन नवीन के दो दिवसीय दौरे में संगठन को और मजबूत बनाने पर विशेष फोकस रहा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)