मिर्ज़ापुर : जिले के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की विज्ञान बस का संचालन 5 से 12 जुलाई तक मिर्ज़ापुर में किया जाएगा. इस पहल के तहत कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान की अवधारणाएं समझाई जाएंगी.
जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक सुशील कुमार पाण्डेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर के माध्यम से विज्ञान बस का निर्माण कराया गया है. इसका संचालन भी संस्थान द्वारा किया जा रहा है. जिला विज्ञान क्लब ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रमुख सचिव, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को पत्र भेजकर जनपद में विज्ञान बस के संचालन का अनुरोध किया था, जिसके बाद परिषद ने 5 से 12 जुलाई तक बस संचालन की स्वीकृति प्रदान की.
उन्होंने बताया कि विज्ञान बस में सभी शिक्षा बोर्डों के कक्षा 6 से 12 तक के पाठ्यक्रम के अनुरूप भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित और खगोल विज्ञान से जुड़े हैंड्स-ऑन प्रयोग उपलब्ध हैं. इसके अलावा विद्यार्थियों को विज्ञान की जटिल अवधारणाएं सरल ढंग से समझाने के लिए लगभग 300 शैक्षिक लघु फिल्में तैयार की गई हैं. बस में 75 इंच की एलईडी स्क्रीन भी लगी है, जिस पर वैज्ञानिक प्रयोगों की विधि और शैक्षिक वीडियो प्रदर्शित किए जाएंगे.
जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा विज्ञान बस के संचालन का कार्यक्रम सभी संबंधित विद्यालयों को भेज दिया गया है.
विज्ञान बस का कार्यक्रम
5 जुलाई: जयप्रकाश नारायण विद्यालय, परसिया (विंध्याचल)
6 व 7 जुलाई: द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर, विंध्याचल रोड
8 जुलाई: दिल्ली पब्लिक स्कूल, भरूहना
9 व 10 जुलाई: पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, मिर्ज़ापुर (जहां स्व. काशीराम राजकीय इंटर कॉलेज, आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, बीएलजे इंटर कॉलेज, श्री माता प्रसाद माता भीख इंटर कॉलेज एवं गुरु नानक इंटर कॉलेज के विद्यार्थी भी शामिल होंगे)
11 जुलाई: एस जुबली इंटर कॉलेज
11 व 12 जुलाई: आदर्श इंटर कॉलेज, विसुन्दरपुर
जिला विज्ञान क्लब के अनुसार इस दौरान छात्र-छात्राएं स्वयं वैज्ञानिक प्रयोग कर विज्ञान के सिद्धांतों को व्यवहारिक रूप से समझेंगे, जिससे उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार के प्रति रुचि विकसित होगी.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































