UP: साइबर क्राइम के खिलाफ पुलिस की ‘हाईटेक क्लास’, साइबर ठगों पर शिकंजा कसने की तैयारी

UP: मथुरा में साइबर अपराधों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के मद्देनज़र बुधवार को पुलिस कार्यालय में प्रशिक्षणाधीन क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों को साइबर अपराधों की जांच प्रक्रिया, डिजिटल साक्ष्यों के सुरक्षित संरक्षण और आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग के प्रति प्रशिक्षित करना था। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

साइबर ठगी के नए तरीकों पर फोकस

प्रशिक्षण सत्र में ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, फिशिंग, फर्जी वेबसाइट और लिंक, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराध, डिजिटल पेमेंट धोखाधड़ी तथा साइबर ठगी के बदलते तरीकों पर विस्तार से जानकारी साझा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि ऐसे मामलों में शुरुआती कुछ घंटे बेहद महत्वपूर्ण होते हैं और समय पर कार्रवाई से पीड़ित की धनराशि बचाई जा सकती है।

Also Read: UP: इस जिले में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, SSP ने इंस्पेक्टर समेत 5 अधिकारियों का किया तबादला

एसएसपी ने दिए अहम निर्देश

एसएसपी श्लोक कुमार ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से अपने स्वरूप बदल रहे हैं। ऐसे में पुलिस अधिकारियों को नई तकनीकों की जानकारी रखने के साथ-साथ जांच के आधुनिक तरीकों में भी दक्ष होना होगा। उन्होंने कहा कि तकनीकी रूप से सक्षम पुलिस बल ही साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कर सकता है।

डिजिटल जांच प्रक्रिया की दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल की कार्यप्रणाली, डिजिटल डेटा एनालिसिस, ऑनलाइन वित्तीय लेनदेन की जांच और विभिन्न साइबर पोर्टलों के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को डिजिटल साक्ष्यों के संग्रह, विश्लेषण और सुरक्षित रखरखाव की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया, ताकि जांच के दौरान साक्ष्यों की विश्वसनीयता बनी रहे।

Also Read: UP: सांसद निशिकांत दुबे के बयान पर संग्राम सिंह यादव का महासंग्राम, सपा विधायक ने की FIR मांग

सतर्कता और तकनीकी दक्षता पर जोर

प्रशिक्षण के समापन पर अधिकारियों से कहा गया कि साइबर अपराधों की रोकथाम और प्रभावी जांच के लिए तकनीकी ज्ञान, सतर्कता और समयबद्ध कार्रवाई सबसे महत्वपूर्ण हैं। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक साइबर शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए, जिससे साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)