UP: गौ तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश, चार तस्कर गिरफ्तार, 16 मवेशी बरामद

UP: वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में पुलिस ने गौ तस्करी के एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 16 मवेशियों को सुरक्षित बरामद किया, जिन्हें अवैध रूप से प्रतापगढ़ से छत्तीसगढ़ ले जाया जा रहा था।

हर खेप पर मिलते थे छह हजार रुपये

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि तस्करी की प्रत्येक खेप के बदले उन्हें लगभग छह हजार रुपये का भुगतान किया जाता था। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह आर्थिक लालच देकर नए युवकों को अपने नेटवर्क से जोड़ता था, जिससे गौ तस्करी के अवैध कारोबार का विस्तार किया जा सके।

Also Read: सहारनपुर: तीन दिन में हत्या का खुलासा, नाबालिग की हत्या कर शव नहर में फेंकने वाला आरोपी गिरफ्तार

घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। संदिग्धों को रोककर जांच की गई, जिसके बाद चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से 16 मवेशियों को भी सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया।

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)