UP: डॉ. अमित सिंह की गिरफ्तारी पर रायबरेली के डॉक्टरों का विरोध, ओपीडी बंद कर पुलिस कार्रवाई पर जताया आक्रोश

UP: रायबरेली शहर के जाने-माने शाश्वत नर्सिंग होम के संचालक डॉ. अमित सिंह की गिरफ्तारी क्या हुई, पूरे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में भूचाल आ गया. पुलिस कार्रवाई से भड़के डॉक्टरों का गुस्सा आज सड़कों पर खुलकर सामने आ गया. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के बैनर तले एकजुट हुए सैकड़ों डॉक्टरों ने न सिर्फ पुलिस प्रशासन के खिलाफ बिगुल फूंक दिया, बल्कि आज पूरे जिले के निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और क्लीनिकों के शटर गिराकर ‘कम्पलीट लॉकडाउन’ कर दिया.

डॉक्टरों का अल्टीमेटम: ‘दहशत में काम नहीं, अब आर-पार की लड़ाई’

गुरुवार को आईएमए के नेतृत्व में सैकड़ों की तादाद में डॉक्टरों का हुजूम पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा. डॉक्टरों ने एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए पुलिसिया कार्रवाई को पूरी तरह ‘एकतरफा’ और पूर्वाग्रह से ग्रसित करार दिया. आईएमए के डॉ. ब्रजेश सिंह ने बेहद तल्ख लहजे में कहा कि इस तरह की एकतरफा गिरफ्तारी से डॉक्टरों के भीतर डर और भारी आक्रोश का माहौल है. अगर पुलिस का यही रवैया रहा और डॉक्टरों को यूं ही निशाना बनाया गया, तो हम हमेशा के लिए अस्पताल बंद करने को मजबूर हो जाएंगे. डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि जब तक निष्पक्ष जांच नहीं होती, आंदोलन थमेगा नहीं. आगे की रणनीति के लिए जल्द ही महाबैठक बुलाई जा रही है.

Also Read: UP: पति पर दूसरी शादी का शक, मां ने तीन बेटियों को जहर खिलाकर खुद भी खाया जहर, दो की मौत

प्राइवेट अस्पताल बंद, जिला अस्पताल में मची ‘त्राहि-त्राहि’

डॉक्टरों की इस महाहड़ताल का सबसे खौफनाक असर आम जनता पर देखने को मिला. जिलेभर की निजी स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं, जिसके चलते इलाज के लिए भटकते मरीजों की सांसें अटक गईं. निजी क्लीनिक बंद होने से जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों का सैलाब उमड़ पड़ा. ओपीडी से लेकर इमरजेंसी वॉर्ड तक पैर रखने की जगह नहीं थी. पर्चा काउंटर से लेकर डॉक्टरों के कमरों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं.

गंभीर रूप से बीमार मरीजों को लेकर आए तीमारदार डॉक्टरों के चक्कर काटते दिखे, लेकिन भारी भीड़ के आगे सरकारी इंतजाम भी बौने साबित होते नजर आए.अब देखना यह है कि डॉक्टरों के इस चक्रव्यूह के आगे पुलिस-प्रशासन बैकफुट पर आता है या फिर यह आंदोलन रायबरेली की स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह वेंटिलेटर पर ले जाएगा.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)