400 मीटर की दौड़ में हिमा दस ने रचा इतिहास, गोल्ड मेडल जीतकर बनाया नया रिकॉर्ड

हिमा दास ने गुरुवार को फिनलैंड के टेम्पेरे में जारी आईएएफ वर्ल्ड अंडर-20 चैंपियनशिप की महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में गोल्‍ड मेडल जीत कर इतिहास रच दिया है। इस खिताब के साथ हिमा विश्व स्तर पर गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला एथलीट बन गई हैं। राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह समेत कई लोगों ने हिमा को इस जीत की बधाई दी है।
राष्ट्रपति कोविन्द ने हिमा को बधाई देते हुए ट्वीट में लिखा, ‘विश्व अंडर-20 चैंपियनशिप में 400 मीटर स्वर्ण जीतने के लिए हमारी शानदार स्प्रिंट स्टार हिमा दास को बधाई। विश्व चैंपियनशिप में यह भारत का पहला ट्रैक गोल्ड है। यह असम और भारत के लिए बहुत गर्व का विषय है। हिमा से अब ओलंपिक में पदक का इंतज़ार!

वहीं पीएम मोदी ने ट्वीट कर हिमा को बधाई दी और कहा कि पूरे भारत को इस जीत पर गर्व महसूस हो रहा है। हिमा की जीत युवा खिलाडि़यों को प्रेरित करेगी।
हिमा ने राटिना स्टेडियम में खेले गए फाइनल में सिर्फ 50 1.46 सेकेंड का समय निकालते हुए जीत हासिल की। इसी के साथ वह इस चैंपियनशिप में सभी आयु वर्गों में स्वर्ण जीतने वाली भारत की पहली महिला बन गई हैं। वह हालांकि इस प्रतियोगिता के इतिहास में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली ट्रैक खिलाड़ी हैं। विश्व जूनियर चैंपियनशिप में भारत के लिए इससे पहले सीमा पूनिया 2002 में चक्का फेंक में कांस्य और नवजीत कौर ढिल्लों 2014 में चक्का फेंक में कांस्य पदक जीत चुके हैं।
चौथे नंबर की लेन में दौड़ रही हिमा दास अंतिम मोड़ के बाद रोमानिया की आंद्रिया मिकलोस से पिछड़ रही थीं, लेकिन अंत में काफी तेजी दिखाते हुए वो बाकी धावकों से काफी आगे रहीं। मिकलोस ने 52.07 सेकेंड के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया जबकि अमेरिका की टेलर मेनसन ने 52.28 सेकेंड के साथ ब्रोन्ज मेडल जीता।

 

 ( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करेंआप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )