मैनपुरी: जनपद के थाना विछवा क्षेत्र के गांव जसवंतपुर स्थित ब्रज मंगल सिंह कोल्ड स्टोर में शनिवार को अमोनिया गैस का रिसाव होने से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गैस की दुर्गंध फैलने से आसपास के गांवों के लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।
मामले की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक मैनपुरी, क्षेत्राधिकारी भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी, एसडीएम कुरावली प्रदीप सिंह, तहसीलदार कुरावली अखिल गोयल और दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों और दूसरे कोल्ड स्टोर के इंजीनियर ने ऑक्सीजन सिलेंडर की मदद से कोल्ड स्टोर के अंदर प्रवेश किया और रिसाव को बंद कराया।
Also Read; UP: बारिश बनी हादसे की वजह! डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, चार लोग घायल
गैस रिसाव बंद होने के बाद दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आसपास फैली अमोनिया की दुर्गंध को कम किया। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मौके पर पहुंचे एसडीएम कुरावली प्रदीप सिंह ने कोल्ड स्टोर संचालक राजीव चौहान को निर्देश दिए कि इंजीनियर बुलाकर तकनीकी खामी को पूरी तरह ठीक कराने के बाद ही कोल्ड स्टोर का संचालन किया जाए। साथ ही संबंधित विभाग से आवश्यक एनओसी प्राप्त करने के बाद ही संचालन करने के निर्देश दिए गए।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































