सहारनपुर: थाना नांगल क्षेत्र में शराब ठेके के सेल्समैन लोकेश की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नांगल पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लूट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया था।
हाईवे के पास पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी
पुलिस ने बताया कि 15 अगस्त को लोकेश का शव सड़क किनारे गड्ढे में मिला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीमों ने जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मुजफ्फरनगर-सहारनपुर हाईवे से गांगनौली शुगर मिल जाने वाले रास्ते पर रेलवे पुल के पास घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
Also Read: UP: भाई की शादी में गई महिला 10 साल की बेटी संग गायब, रिश्तेदार पर लगा गंभीर आरोप
पांच आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ राज सिंह, विकास और रामधारी निवासी नयागांव, थाना नांगल तथा विशाल और विकास निवासी रोहाल्की किशनपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए दो अवैध चाकू, दो मोबाइल फोन, लोकेश का पिट्टू बैग, दो मोटरसाइकिल और 1490 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पहले से थी लोकेश की दिनचर्या की जानकारी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें लोकेश के रोजाना रात करीब 10 बजे शराब का ठेका बंद कर अकेले बाइक से घर लौटने की जानकारी थी। वह कमर में लाल रंग का बैग रखता था। आरोपियों को शक था कि बैग में शराब बिक्री के रुपये होते हैं। इसी के चलते उन्होंने लूट की योजना बनाई। 14 अगस्त की रात ठेके से निकलने के बाद आरोपियों ने लोकेश का पीछा किया और आईटीआई के पास राहुल ने उसकी बाइक में टक्कर मारकर उसे सड़क किनारे गड्ढे में गिरा दिया।
पहचान उजागर होने के डर से पानी में डुबोया
पुलिस के मुताबिक, लूट के दौरान लोकेश ने आरोपियों को पहचान लेने की बात कही। इसके बाद आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और पानी में डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और बरामदगी को जांच में शामिल करते हुए मुकदमे में लूट समेत अन्य धाराएं बढ़ाई हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


















































