UP: बहराइच के दरगाह थाना परिसर के लॉकअप से सोमवार को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के कोर्ट में पेशी से पहले भागने की घटना सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एक आरक्षी और एक महिला आरक्षी को निलंबित कर दिया है।
मादक पदार्थ के मामले में हुई थी गिरफ्तारी
दरगाह थाना पुलिस ने श्रावस्ती जिले के गिलौला क्षेत्र निवासी रफीक और विशाल को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया था। सोमवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान विशाल पुलिसकर्मियों की निगरानी से बच निकला और थाना परिसर से फरार हो गया।
Also Read: UP: नाबालिग के अपहरण के आरोप में वांछित युवक गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा न्यायालय
तलाश में जुटी पुलिस, कई जगह दबिश
आरोपी के भागने की जानकारी मिलते ही पुलिस टीमों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। थाना क्षेत्र के आसपास के इलाकों के अलावा संभावित ठिकानों पर भी खोजबीन और दबिश दी गई, लेकिन काफी देर तक फरार आरोपी का कोई पता नहीं चल सका। थाना प्रभारी रामाशंकर सिंह ने घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
ड्यूटी में लापरवाही पर दो पुलिसकर्मी सस्पेंड
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में आरक्षी तेज प्रकाश वर्मा और महिला आरक्षी प्रिंसी यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
Also Read: UP: शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म का आरोप, शादी से मुकरा तो थाने पहुंची पीड़िता
सुरक्षा व्यवस्था में चूक की भी जांच
लॉकअप से आरोपी के फरार होने की घटना ने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने घटना की परिस्थितियों और सुरक्षा में हुई चूक की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।


















































