UP: चंदौली के पड़ाव क्षेत्र के सुजाबाद वार्ड नंबर-48 में लंबे समय से चल रहे सीवर कार्य के दौरान गुरुवार देर रात अचानक एक विशाल पुराना पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि पेड़ पास में खड़ी JCB मशीन पर टिक गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
मामले के बारे में जानिए
जानकारी के अनुसार, सुजाबाद में स्वच्छ भारत अभियान के तहत सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य नंद एंड संस कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। करीब 54 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत 26.6 किलोमीटर सीवर लाइन, 7 एमएलडी एसटीपी और 9 एमएलडी एमपीएस का निर्माण होना है। परियोजना को 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन करीब दो वर्ष बीतने के बाद भी कार्य पूरा नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश के बीच सीवर लाइन डालने के लिए गड्ढा खोदा गया था। लोगों ने बरसात के दौरान खुदाई नहीं करने की बात कहकर कार्य रोकने का अनुरोध भी किया, लेकिन काम जारी रहा। रात में काम अधूरा छोड़ दिया गया। लगातार बारिश और सीवर के पानी के बहाव से गड्ढे के आसपास की मिट्टी खिसक गई, जिससे पेड़ की जड़ें कमजोर हो गईं और वह अचानक धराशायी हो गया।
ALSO READ: UP: बरसात में बढ़े सर्पदंश के मामले, सीएचसी हलधरमऊ में वैक्सीन उपलब्ध
स्थानीय महिला ने बातचीत में बताया कि लोगों ने ठेकेदार को बरसात में खुदाई करने से मना किया था, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई। लोगों का कहना है कि यदि JCB मौके पर नहीं होती तो पेड़ सड़क, दुकानों या राहगीरों पर गिर सकता था और बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना के बाद लोगों ने सीवर कार्य में सुरक्षा व्यवस्था, खुले गड्ढों की बैरिकेडिंग और बरसात के दौरान निर्माण कार्य की निगरानी को लेकर नाराजगी जताई है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































