बरेली: थाना मीरगंज पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार 20 अगस्त की रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि साप्ताहिक बाजार के पास एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान संजय पाण्डेय पुत्र छोटेलाल पाण्डेय, निवासी मोहल्ला राजेंद्रनगर, कस्बा व थाना मीरगंज के रूप में हुई।
ALSO READ: उत्तर प्रदेश : ईसन नदी पुल पर धंसी सड़क बनी खतरा, ग्रामीणों ने तत्काल मरम्मत की उठाई मांग
तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद हथियार को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक संजय पाण्डेय का पहले से आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ मीरगंज थाने में वर्ष 2014 में धारा 363/506, वर्ष 2023 में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट तथा वर्ष 2026 में धारा 115(2), 351(3) और 352 बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज कुमार, कांस्टेबल अंकुर सिरोही, कांस्टेबल अभिषेक सोम और रिजर्व कांस्टेबल श्याम सिंह शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































