Hathras: सादाबाद में महिला से मारपीट और जेवर खींचने का आरोप, पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की गुहार

Hathras: हाथरस के सादाबाद थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला ने गांव के ही कई लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और जेवर खींचने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

जानिए क्या है पूरा मामला?

प्रार्थना पत्र के अनुसार, घटना 3 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 बजे की बताई गई है। पीड़िता शीला देवी पत्नी लाखन सिंह, निवासी नगला बनारसी, थाना सादाबाद ने आरोप लगाया है कि वह अपने घर के अंदर बैठी थीं। इसी दौरान गांव के पदम सिंह, सुनीता पत्नी पदम सिंह, अरविंद, भोला, सुखपाल, सत्यवीर, नितिन, हरपाल समेत कई लोग हाथों में लाठी-डंडे और सरिया लेकर उनके घर में घुस आए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने आते ही उनकी मां-बहन को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उनके कान के कुंडल, मंगलसूत्र और नाक की लौंग खींच ली गई, जिससे कान में चोट लगने की बात कही गई है।

ALSO READ: UP: आजमगढ़ में फर्जीवाड़े का खुलासा, अलग पहचान से दूसरा पासपोर्ट बनवाने वाला गिरफ्तार

शोर सुनकर उनके पति लाखन सिंह और पुत्र मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि मौके पर पहुंचे लोगों ने पीड़िता और उसके परिवार को बचाया। जाते समय आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद 112 नंबर पर सूचना दी गई और पुलिस द्वारा उसका मेडिकल कराया गया। डर के कारण वह तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सकी। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि थाना सादाबाद में तहरीर देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)