बहराइच: बहराइच जिले में विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र स्थित शिव शक्ति कॉम्प्लेक्स में बुधवार देर रात संतोष गारमेंट की थोक दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात दुकान बंद होने के बाद लोगों ने संतोष गारमेंट की दुकान से धुआं निकलते देखा। कुछ ही देर में दुकान के अंदर आग की लपटें दिखाई देने लगीं। स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकान संचालक को सूचना देने के साथ डायल 112 पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी।
आग तेजी से दुकान में रखे कपड़ों और अन्य सामान में फैल गई। दमकल टीम ने समय रहते मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग आसपास की दुकानों और शिव शक्ति कॉम्प्लेक्स के अन्य हिस्सों तक नहीं पहुंच सकी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
करीब पांच लाख रुपये का स्टॉक जला
दुकान संचालक के मुताबिक, संतोष गारमेंट में थोक कपड़ों का बड़ी मात्रा में स्टॉक रखा था। आग की चपेट में आने से अधिकांश कपड़े और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। संचालक ने करीब पांच लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। गुरुवार सुबह दुकान पर व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही, जहां संचालक नुकसान का आकलन करने में लगे रहे।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग का वास्तविक कारण और नुकसान की सही कीमत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। राहत की बात यह रही कि घटना के समय दुकान बंद थी और अंदर कोई मौजूद नहीं था। आग पर समय रहते काबू पा लिए जाने से आसपास की दुकानों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































