Saharanpur: रक्षाबंधन पर जेबकतरों के गिरोह पर देवबंद पुलिस का शिकंजा, 5 शातिर गिरफ्तार

Saharanpur: रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर देवबंद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग और गश्त अभियान के दौरान पुलिस ने पांच शातिर जेबकतरों और टप्पेबाजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे .315 बोर, दो चाकू, एक छुरी, 7,800 रुपये नकद और जेब काटने में इस्तेमाल किए जाने वाले ब्लेड के टुकड़े बरामद किए गए हैं।

जानिए क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में अपराध की रोकथाम और वांछित एवं शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी देवबंद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक संदीप बालियान के नेतृत्व में आज मुखबिर की सूचना पर देवबंद क्षेत्र में चेकिंग और गश्त की गई।इस दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

ALSO READ: UP: बरेली में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप, पुलिस बता रही हादसा

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिन्दर और सूरज निवासी घसौली, थाना कांधला, शामली, सुरेन्द्र और राजकुमार निवासी दरियापुर, थाना ककरौली, मुजफ्फरनगर तथा शाहिद निवासी लहबोली, थाना मंगलौर, हरिद्वार के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से अलग-अलग दो .315 बोर के अवैध तमंचे, दो अवैध चाकू, एक अवैध छुरी और कुल 7,800 रुपये बरामद हुए। इसके अलावा माचिस की डिब्बियों में रखे जेब काटने वाले ब्लेड के टुकड़े भी मिले। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी खानकाह संदीप कुमार, चौकी प्रभारी मंगलौर रोड लोकेन्द्र कुमार, चौकी प्रभारी भायला रवि वर्मा समेत थाना देवबंद के पुलिसकर्मी शामिल रहे। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)