जौनपुर: जनपद में मंगलवार को अकादमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) परीक्षा निर्धारित व्यवस्थाओं के बीच शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के लिए कुल 80 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 74 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया।परीक्षा के लिए चार कक्ष निर्धारित किए गए थे। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई थी, ताकि अनुशासन और पारदर्शिता बनी रहे।
परीक्षा की संपूर्ण व्यवस्था एवं अनुशासन की निगरानी डायट प्राचार्य की अध्यक्षता में की गई। इसके अलावा डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर और एसआरजी भी परीक्षा केंद्र पर मौजूद रहे तथा समय-समय पर परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन की स्थिति देखी और परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को परखा। परीक्षा के दौरान सभी नियमों का कड़ाई से पालन कराया गया।
अधिकारियों के अनुसार परीक्षा केंद्र पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय स्थिति की सूचना नहीं मिली। अधिकारियों और परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के समन्वित प्रयास से एआरपी परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

















































