बहराइच में तालाब में तैरता मिला युवक का शव, गांव में मची सनसनी

बहराइच: बहराइच जिले के रामगांव थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बौंड़ी फतेउल्लापुर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर स्थित एक तालाब में युवक का शव पानी में तैरता मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया।

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह कुछ ग्रामीण शौच के लिए गांव के बाहर तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर तालाब के पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। शव देखते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना रामगांव पुलिस को दी।

Also Read: UP: शिवालिक में तेज बारिश से घाड़ की नदियां उफान पर, कई गांवों का संपर्क कटा

सूचना मिलते ही रामगांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, जिसके बाद मृतक की पहचान ग्राम पंचायत चाकूजोत निवासी देशराज सिंह के तौर पर हुई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया है।

रामगांव थाना प्रभारी दिवाकर तिवारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह तालाब तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर पुलिस ग्रामीणों एवं परिजनों से जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)