Hathras: सादाबाद तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले किसानों का धरना लगातार जारी है। आलू की फसल को लेकर अपनी चार प्रमुख मांगों के समर्थन में किसान पिछले 24 दिनों से तहसील परिसर में धरना दे रहे हैं। अब किसानों के आंदोलन को धार देने के लिए भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत आज सादाबाद पहुंचेंगे और किसान महापंचायत को संबोधित करेंगे।
जानिए क्या है पूरा मामला?
किसान नेताओं के मुताबिक, किसानों की प्रमुख मांगों में आलू का समर्थन मूल्य घोषित करना, सरकार द्वारा आलू की खरीद सुनिश्चित करना, इस साल कोल्ड स्टोरेज का भाड़ा माफ करना और किसान रजिस्ट्री को खत्म करना शामिल है। किसानों का कहना है कि आलू की फसल को लेकर उन्हें लगातार आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उनकी समस्याओं का समाधान किए जाने की जरूरत है। इन्हीं मांगों को लेकर किसान पिछले 24 दिनों से सादाबाद तहसील परिसर में धरने पर बैठे हुए हैं। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
ALSO READ: UP: आज सहारनपुर पहुंचेंगे सपा प्रमुख अखिलेश यादव, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
किसान नेताओं ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 सितंबर, गुरुवार को दोपहर 3 बजे भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत सादाबाद पहुंचेंगे। यहां वह किसानों की महापंचायत को संबोधित करेंगे और उनकी समस्याओं को लेकर अपनी बात रखेंगे। राकेश टिकैत के पहुंचने की सूचना के बाद किसान नेताओं ने महापंचायत को सफल बनाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन की ओर से आसपास के क्षेत्र के किसानों और समर्थकों से अधिक से अधिक संख्या में सादाबाद पहुंचने की अपील की गई है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































