जौनपुर में तीन महीने पहले हुई थी शादी, अब एक ही कमरे में मिले पति-पत्नी के शव… पुलिस जांच में जुटी

जौनपुर: जौनपुर के खुटहन थाना क्षेत्र के तिसौली गांव में एक नवदंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। गुरुवार को जब कमरे का दरवाजा खुला तो अंदर का नजारा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। पत्नी का शव बेड पर पड़ा था, जबकि पति का शव दुपट्टे के फंदे से लटकता मिला।

एक ही कमरे में पति-पत्नी के शव मिलने से पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया ।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम भेज मामले की जांच में जुट गई है।जानकारी के अनुसार तिसौली गांव निवासी मिठाईलाल के 22 वर्षीय पुत्र गोविंद गौतम की शादी महज तीन महीने पहले 10 मई को 20 वर्षीय नेहा से हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। विवाद के चलते नेहा कई बार मायके भी चली जाती थी।

ALSO READ: बाराबंकी में जलस्तर फिर बढ़ा, लाल निशान से 13 सेमी ऊपर तराई गांवों में बढ़ी बाढ़ की चिंता

बताया जा रहा है कि बुधवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद रात में दोनों अपने कमरे में चले गए। सुबह काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर दरवाजा तोड़ा गया तो कमरे के अंदर दोनों के शव मिले।

घटना की सूचना मिलते ही खुटहन पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर नवविवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके बाद पति की मौत कैसे हुई।

घर में गोविंद के पिता मिठाईलाल रहते हैं, जबकि उसका छोटा भाई धर्मेंद्र परदेश में है। गोविंद की मां का पहले ही निधन हो चुका है।थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।तीन महीने की शादी… रात में विवाद… और सुबह एक कमरे में दो लाशें—इस रहस्यमयी घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)