हाथरस में जुए के बड़े अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, 5 अंतरजनपदीय जुआरी गिरफ्तार, बड़ी रकम बरामद

हाथरस: हाथरस के सहपऊ थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में संचालित जुए के अड्डे का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से आगरा और एटा जनपद के रहने वाले पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे और जुए के फड़ से कुल 5 लाख 50 हजार 100 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, थाना सहपऊ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बुढ़ाइच में करुआ पुत्र रामदयाल के मकान के अंदर कुछ लोग बड़ी धनराशि की हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मकान पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही जुआरियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को मौके से दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 5 लाख 30 हजार रुपये, जबकि जुए के फड़ से 20 हजार 100 रुपये बरामद हुए। इसके अलावा पांच मोबाइल फोन, 52 ताश के पत्ते और दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं।

ALSO READ: बाराबंकी में जलस्तर फिर बढ़ा, लाल निशान से 13 सेमी ऊपर तराई गांवों में बढ़ी बाढ़ की चिंता

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आगरा के बरहन निवासी लोकेन्द्र सिंह और राजू, खंदौली निवासी सन्तोष कुमार तथा एटा के सकरौली थाना क्षेत्र निवासी अभयपाल और लोकेन्द्र कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में राजू, लोकेन्द्र सिंह और अभयपाल के खिलाफ पहले से जुआ अधिनियम के मुकदमे दर्ज हैं। मामले में थाना सहपऊ पर मु0अ0सं0 166/2026, धारा 3/4 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मकान के इस्तेमाल और जुए के संचालन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)