Azamgarh: शहर कोतवाली क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित स्कूल की बस का चालक शराब के नशे में स्कूली बच्चों को लेकर वाहन चला रहा था। चालक की हालत देखकर आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ तो उन्होंने बस को रोककर उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसी दौरान मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को पकड़कर कार्रवाई शुरू की।
जानिए मामले से जुड़ी पूरी जानकारी
पुलिस के अनुसार, करतालपुर तिराहे के पास स्कूल बस संख्या UP50ET4703 का चालक शराब के नशे में स्कूली छात्र-छात्राओं को लेकर जा रहा था। चालक के शराब के नशे में होने की जानकारी सामने आते ही वहां मौजूद लोगों ने उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही निरीक्षक यातायात पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने तत्काल बस में सवार छात्र-छात्राओं को सुरक्षित दूसरे वाहन से उनके घर पहुंचाया। इसके बाद मौके पर एआरटीओ आजमगढ़ को बुलाकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई कराई गई। चालक का ड्रंक एंड ड्राइव में चालान किया गया और उसका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराया गया। वहीं, स्कूल बस को सीज कर थाना कंधरापुर परिसर में निरुद्ध कर दिया गया। पुलिस ने संबंधित शिक्षण संस्थान के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए अपनी रिपोर्ट शिक्षा विभाग को भी भेजी है। बच्चों को लेकर चलने वाली स्कूल बस के चालक के शराब के नशे में पकड़े जाने की घटना से स्कूलों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































