UP: रायबरेली में आगामी त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। रेल प्रशासन ने रायबरेली स्टेशन से होकर गुजरने वाली तीन जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों का शेड्यूल और फेरों की जानकारी भी जारी कर दी गई है। रेलवे के इस फैसले से दिल्ली, पंजाब और बिहार की ओर यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे और कन्फर्म टिकट के लिए होने वाली परेशानी कम होने की उम्मीद है।
वाराणसी-दिल्ली स्पेशल के 25 फेरे
ट्रेन संख्या 04209 वाराणसी से दिल्ली जाते समय रायबरेली स्टेशन पर रात 1:25 बजे पहुंचेगी और दो मिनट बाद 1:27 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन 2 अक्तूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। इस दौरान इसके कुल 25 फेरे निर्धारित किए गए हैं। वापसी में ट्रेन संख्या 04210 दिल्ली से चलकर सुबह 5:13 बजे रायबरेली पहुंचेगी और 5:15 बजे आगे के लिए रवाना होगी। यह सेवा 3 अक्तूबर से 28 नवंबर तक हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को 25 फेरों के लिए उपलब्ध रहेगी।
Also Read: IRCTC का बड़ा कदम, वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में बदला कैटरिंग सिस्टम, अब नॉन-वेज भी मिलेगा
फिरोजपुर-पटना स्पेशल से बिहार और पंजाब जाने वालों को सुविधा
ट्रेन संख्या 04616 फिरोजपुर कैंट से पटना जाते समय सुबह 7:15 बजे रायबरेली पहुंचेगी। यहां पांच मिनट रुकने के बाद ट्रेन 7:20 बजे रवाना होगी। यह साप्ताहिक सेवा 6 अक्तूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को संचालित की जाएगी और इसके कुल 8 फेरे होंगे। वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 04615 पटना से चलकर तड़के 4:50 बजे रायबरेली पहुंचेगी तथा 4:55 बजे आगे बढ़ेगी। यह ट्रेन 7 अक्तूबर से 25 नवंबर तक हर बुधवार को 8 फेरे लगाएगी।
वाराणसी-चंडीगढ़ स्पेशल का भी जारी हुआ शेड्यूल
ट्रेन संख्या 04227 वाराणसी से चंडीगढ़ के बीच रायबरेली स्टेशन पर दोपहर 2:45 बजे पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद 2:50 बजे रवाना होगी। इस ट्रेन के 1 अक्तूबर से 29 नवंबर के बीच कुल 18 फेरे निर्धारित किए गए हैं। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 04228 चंडीगढ़ से चलकर रात 8:15 बजे रायबरेली पहुंचेगी। इसकी सेवा 2 अक्तूबर से 30 नवंबर तक जारी रहेगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इन विशेष ट्रेनों में आरक्षण की सुविधा जल्द शुरू की जाएगी।



















































