बांदा: यूजीसी, एससी-एसटी एक्ट और आरक्षण व्यवस्था को लेकर सोमवार को बांदा में सवर्ण समाज का बड़ा शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग महाराणा प्रताप चौक पर एकत्र हुए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट तक विशाल पैदल मार्च निकालते हुए अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन में शामिल लोगों का दावा है कि आंदोलन में 5 हजार से अधिक लोग शामिल हुए। सुबह से ही महाराणा प्रताप चौक पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था और देखते ही देखते पूरा क्षेत्र प्रदर्शनकारियों से भर गया।हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर पहुंचे लोगों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए और सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास किया।
महाराणा प्रताप चौक से निकला विशाल मार्च
सवर्ण समाज के लोग महाराणा प्रताप चौक से एकजुट होकर पैदल मार्च के रूप में कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हुए।बड़ी संख्या में लोगों के एक साथ सड़कों पर उतरने से शहर में आंदोलन की चर्चा तेज रही।मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी रोल बैक समेत एससी-एसटी एक्ट और आरक्षण व्यवस्था को लेकर अपनी मांगें प्रमुखता से उठाईं।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनकी मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।उन्होंने देश में सभी नागरिकों के लिए समान कानून और समान व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई।
कलेक्ट्रेट परिसर में उमड़ा जनसैलाब
विशाल पैदल मार्च जब कलेक्ट्रेट पहुंचा तो वहां भारी संख्या में प्रदर्शनकारी एकत्र हो गए।लोगों की भीड़ से कलेक्ट्रेट परिसर खचाखच भर गया।प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की और सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में सवर्ण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन के माध्यम से प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को विस्तार से रखते हुए उन पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।


















































