UP: बाढ़ प्रभावित गांवों में पशुपालन विभाग ने लगाए चिकित्सा शिविर, पशुओं का टीकाकरण कर बांटा भूसा

गोण्डा: जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुधन की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर पशुपालन विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। तहसील तरबगंज के बाढ़ प्रभावित ग्राम दत्तनगर, ऐलीपरसौली, साकीपुर, महेशपुर, चौखड़िया समेत अन्य गांवों में विभागीय टीम ने विशेष चिकित्सा एवं टीकाकरण शिविर लगाए।

शिविरों में पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण किया गया। बाढ़ की विषम परिस्थितियों में पशुपालकों को गांव में ही चिकित्सा सुविधा मिलने से राहत मिली। विभागीय टीम ने पशुओं में बीमारी के लक्षणों की जांच करते हुए पशुपालकों को आवश्यक सलाह भी दी।बाढ़ के दौरान संक्रामक रोग फैलने की आशंका को देखते हुए पशुओं का टीकाकरण कराया गया।

Also Read: UP: रायबरेली में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जिला अस्पताल समेत CHC-PHC में व्यवस्थाएं दुरुस्त

पशु चिकित्सकों ने पशुपालकों को पशुओं की साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने की जानकारी दी। साथ ही पशुओं को सुरक्षित एवं सूखे स्थान पर रखने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई।बाढ़ के कारण चारे की समस्या को देखते हुए पशुपालन विभाग द्वारा प्रभावित पशुपालकों को भूसा भी वितरित कराया गया। इससे पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था करने में उन्हें राहत मिली।

विभागीय टीम द्वारा प्रभावित गांवों में पशुधन की स्थिति का जायजा लेते हुए दवा, टीकाकरण और चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।पशुपालन विभाग की टीम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर पशुधन के स्वास्थ्य पर नजर रख रही है। आवश्यकता के अनुसार चिकित्सा सेवाएं, दवाएं और चारा उपलब्ध कराया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य बाढ़ की विषम परिस्थितियों में पशुधन को सुरक्षित रखना तथा पशुपालकों को समय से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )