मिर्जापुर: डिप्टी सीएम केशव मौर्य का बड़ा ऐलान, 2027 में फिर बनेगी BJP की प्रचंड बहुमत वाली सरकार

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को विंध्याचल धाम पहुंचे, जहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी। लखनऊ से हेलिकॉप्टर के जरिए मिर्जापुर पहुंचे डिप्टी सीएम पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड से सड़क मार्ग से विंध्याचल धाम गए।

वेद संदेश यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल

मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के बाद केशव प्रसाद मौर्य विंध्याचल में आयोजित वेद संदेश यात्रा में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उन्होंने यात्रा को संबोधित करते हुए धार्मिक और सामाजिक मूल्यों के महत्व पर बात की। कार्यक्रम के बाद वह अष्टभुजा स्थित विशिष्ट अतिथि गृह पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया।

Also Read: ‘सपा में कार्यकर्ता नहीं, गुंडे हैं…’, डिप्टी सीएम केशव मौर्य का तीखा हमला, बोले- 2027 छोड़िए, 2047 तक विपक्ष नहीं आएगा सत्ता में

बोले- मां की कृपा से जनता की सेवा का अवसर मिलता रहे

मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कहा कि लंबे अंतराल के बाद मां विंध्यवासिनी के दर्शन का अवसर मिला है। उन्होंने मां के चरणों में शीश झुकाकर प्रदेश और देश की जनता की सेवा करने की शक्ति और आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि 2014 से 2024 तक मां की कृपा से देश और प्रदेश की जनता की सेवा का दायित्व मिला और वह चाहते हैं कि आगे भी इसी तरह अपने दायित्व का निर्वहन करते रहें।

2027 में BJP की सरकार बनने का जताया भरोसा

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2014 से 2024 तक देश और उत्तर प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में भी भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने बिना भेदभाव समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए काम किया है और आने वाले समय में भी विकास की रफ्तार जारी रहेगी।

Also Read: डिप्टी सीएम केशव मौर्य का सपा-कांग्रेस पर तीखा हमला, PDA को बताया परिवार डेवलपमेंट एजेंसी

आकाश आनंद पर बोले- BSP का घरेलू मामला, सड़कों पर भी दिया जवाब

BSP से आकाश आनंद को निकाले जाने के सवाल पर डिप्टी सीएम ने इसे बहुजन समाज पार्टी का घरेलू मामला बताया। वहीं प्रदेश में गड्ढायुक्त सड़कों को लेकर उन्होंने कहा कि गड्ढामुक्त सड़कों के संबंध में बैठक हो चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण में लापरवाही करने वाले दोषी ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद डिप्टी सीएम लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)