UP: दो लाख के जेवर और नकदी लेकर बेटी संग फरार हुई तीन बच्चों की मां, पति ने दी नामजद तहरीर

आजमगढ़: अतरौलिया थाना क्षेत्र के महादेवपुर (सेनपुर) गांव में तीन बच्चों की मां के गांव के ही एक युवक के साथ फरार होने का मामला सामने आया है। महिला अपने साथ सात वर्षीय बेटी को भी ले गई, जबकि उसके दो बेटे घर पर रह गए। पति ने आरोप लगाया है कि महिला घर में रखे करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गई। मामले में पति ने थाने में नामजद तहरीर देकर पत्नी और बेटी की बरामदगी के साथ कार्रवाई की मांग की है।

महादेवपुर निवासी भोला शर्मा उर्फ हरिंदर शर्मा पुत्र दयाशंकर शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 11 सितंबर को गांव का ही त्रिपुरारी शर्मा उर्फ अनी शर्मा पुत्र रमाकांत शर्मा उसकी पत्नी शोभा शर्मा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पति के मुताबिक, घर से जाते समय पत्नी करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार रुपये नकद भी ले गई।

Also Read: UP: जौनपुर में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 28 थानों की संयुक्त कार्रवाई में 205 गिरफ्तार

भोला शर्मा के तीन बच्चे अभय (13), आदित्य (10) और अवनी (7) हैं। आरोप है कि शोभा अपनी सात वर्षीय बेटी अवनी को साथ ले गई, जबकि दोनों बेटे घर पर हैं। पति ने तहरीर में आरोपी युवक के पिता रमाकांत शर्मा और मां उर्मिला शर्मा पर भी मामले में शामिल होने का आरोप लगाया है।

Also Read: UP: अपराधियों पर रायबरेली पुलिस का शिकंजा, एक ही दिन में 55 वारंटी गिरफ्तार

पति का कहना है कि उसकी पत्नी और आरोपी युवक के बीच पिछले कई महीनों से बातचीत हो रही थी। उसने इसका विरोध करते हुए आरोपी युवक के परिजनों से शिकायत की थी। आरोप है कि इस दौरान परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है