UP: रायबरेली के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में अब बुनियादी सुविधाओं के साथ नए निर्माण और भवनों के उच्चीकरण का काम कराया जाएगा। इसके लिए विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधकों और प्रबंध संचालकों की बैठक हुई। बैठक में प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत स्कूलों की आवश्यकताओं के अनुसार प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
छात्र संख्या के आधार पर मिलेगा बजट
जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने प्रबंधकों को योजना की जानकारी देते हुए बताया कि छात्र संख्या के आधार पर 25 लाख से लेकर 1.25 करोड़ रुपये तक की परियोजनाएं प्रस्तावित की जा सकती हैं। स्वीकृत परियोजना में 25 प्रतिशत राशि विद्यालय प्रबंधन को वहन करनी होगी, जबकि शेष 75 प्रतिशत धनराशि शासन उपलब्ध कराएगा।
Also Read: UP: मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर सख्ती
प्रकाश, पानी और शौचालय को प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और बेहतर माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी स्कूलों में कक्षाओं में पर्याप्त रोशनी, स्वच्छ पेयजल और छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग उचित शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जिन विद्यालयों में इन सुविधाओं की कमी है, वहां पहले इन्हीं कार्यों को कराया जाएगा।
गुणवत्तापूर्ण कार्यों के लिए तैयार हों प्रस्ताव
डीएम ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि प्रस्ताव वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए जाएं, ताकि स्वीकृत धनराशि का प्रभावी इस्तेमाल हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त प्रस्तावों की नियमानुसार जांच कर समयबद्ध तरीके से आगे की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश भी दिए।
Also Read:उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का डीएम ने किया औचक निरीक्षण
बैठक में अधिकारी और स्कूल प्रबंधक रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सिद्धार्थ, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह सहित जिले के सभी अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के प्रबंधक और प्रबंध संचालक मौजूद रहे।



















































