चंदौली : वार्ड नंबर 7 के सभासद संतोष कुमार के कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना सामने आई है. पीड़ित व्यक्ति का आरोप है कि दो व्यक्तियों द्वारा पैसे के लेनदेन को लेकर उनके कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया है. घटना के बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. अब सभासद ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
दरअसल, सभासद संतोष कुमार के अनुसार, संजीत यादव और सुरेंद्र यादव नाम के दो व्यक्ति उनके कार्यालय पहुंचे. उन्होंने बताया कि दोनों के बीच पैसों के लेन-देन का मामला चल रहा था. संतोष कुमार का दावा है कि संबंधित लोगों को सवा लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि लगभग 76 हजार रुपये देना बाकी है. उन्होंने कुछ समय की मोहलत मांगी, लेकिन आरोप है कि इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया.
सभासद का आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने कार्यालय में घुसकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जातिसूचक शब्द कहे और कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज, कागजात तथा अन्य सामान को फाड़कर और बिखेरकर नुकसान पहुंचाया. उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम से कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
घटना के तुरंत बाद संतोष कुमार ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी. इसके बाद सभासद ने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की.
संतोष कुमार ने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. वहीं, पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.















































