सीतापुर में सीनियर डॉक्टर ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर की आत्महत्या, पत्नी ने बेड पर औंधे मुंह गिरे पाए, पूरा बेड खून से लाल

सीतापुर : शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन मोहल्ले में शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे एक दर्दनाक घटना घटी। आयुर्वेदिक डॉक्टर राजेंद्र चौधरी (69 वर्ष) ने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

घटना के समय डॉक्टर अपनी पत्नी शक्ति चौधरी (65 वर्ष) के साथ घर पर थे। लंच करने के बाद डॉ. चौधरी फर्स्ट फ्लोर पर अपने कमरे में चले गए। थोड़ी देर बाद पत्नी को कमरे से गोली चलने की आवाज आई। पत्नी दौड़कर ऊपर पहुंचीं तो देखा कि डॉक्टर बेड पर औंधे मुंह गिरे पड़े हैं। पूरा बेड खून से लाल हो चुका था। गोली कनपटी को चीरती हुई दूसरी ओर निकल गई थी।

पत्नी शक्ति चौधरी इस नजारे को देखकर चीख पड़ीं और चिल्लाकर पड़ोसियों को बुलाया। आसपास के लोग कमरे में पहुंचे तो सदमे में आ गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस की जांच
सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया। फॉरेंसिक टीम ने कमरे की जांच की और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस पूछताछ में नौकरानी सुनीता ने बताया कि दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद दोनों में बातचीत बंद थी। पुलिस के अनुसार पत्नी को गहरा सदमा लगा है और वह अभी कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं।

डॉक्टर का परिवार
डॉ. राजेंद्र चौधरी BAMS डॉक्टर थे और खैराबाद में उनकी क्लीनिक थी। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा दिवांश एयरफोर्स में डॉक्टर हैं और खड़गपुर में तैनात हैं। छोटा बेटा उत्तम लखनऊ में LLB की पढ़ाई कर रहा है। दोनों बेटे फिलहाल बाहर हैं।

आत्महत्या की वजह अज्ञात
पुलिस को अभी तक आत्महत्या की सही वजह पता नहीं चल सकी है। पड़ोसियों के अनुसार डॉक्टर सज्जन स्वभाव के थे और किसी प्रकार की कोई बड़ी परेशानी दिखाई नहीं देती थी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

यह घटना सीतापुर में डॉक्टर समुदाय में सदमा पहुंचाने वाली है। पुलिस शव परीक्षण रिपोर्ट और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।