एलेक्स हेल्स और जॉनी बेयरस्टो के शानदार शतकों की बदौलत इंग्लैंड ने मंगलवार को पांच मैचों की सीरीज के तीसरे वनडे में 50 ओवर में छह विकेट पर 481 रन बनाकर सबसे ज्यादा टीम स्कोर का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले भी यह विश्व रिकॉर्ड इंग्लैंड के ही नाम था, जो उसने करीब दो साल पहले इसी मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ तीन विकेट पर 444 रन के साथ बनाया था। इसके बाद इंग्लिश टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 37 ओवर में 239 रनों पर ऑलआउट करके यह मैच 242 रनों से जीता। विश्व रिकॉर्ड के साथ ही इस मैच में काफी सारे रिकॉर्ड्स भी बने, तो चलिए आपको बताते हैं उनके बारे में-

ऑस्ट्रेलिया को झेलनी पड़ी 242 रन की शर्मनाक हार

इस मुकाबले में 242 रन की बड़ी हार के बाद ऑस्ट्रेलिया ने एक शर्मनाक रिकॉर्ड बना दिया। ये वनडे क्रिकेट में कंगारुओं की अभी तक की सबसे बड़ी हार रही। वहीं इंग्लैंड की टीम के लिए ये उनकी सबसे बड़ी जीत रही। इससे पहले इंग्लैंड की सबसे बड़ी जीत 210 रन की थी जो उन्होंने 2015 में एजबेस्टन में खेले गए मुकाबले में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ हासिल की थी।
इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने लगाई रनों की झड़ी

हेल्स ने 92 गेंदों पर 16 चौकों और एक छक्के के सहारे 147 रन की पारी खेली, जबकि बेयरस्टो ने 92 गेंदों पर 15 चौकों और पांच छक्कों के साथ 139 रन बनाए। इंग्लैंड को इस विशालकाय स्कोर तक पहुंचाने में जेसन रॉय और कप्तान इयान मोर्गन की भी अहम भूमिका रही। राय ने 61 गेंदों पर सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 82 रन बनाए।
इंग्लैंड की पारी में तीन शतकीय साझेदारी निभाई गई
इस मैच के दौरान इंग्लैंड की पारी में तीन शतकीय साझेदारी निभाई गई। इससे पहले सिर्फ दो बार एक पारी में तीन शतकीय साझेदारी देखने को मिली थीं। हालांकि, यह कारनामा इंग्लैंड के खिलाफ भी हो चुका है, जब जून 2013 में साउथंप्टन में न्यूजीलैंड ने तीन विकेट पर 359 रन ठोक दिए थे। वैसे सबसे पहले यह रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका ने बासेटेरे में मार्च 2007 में नीदरलैंड्स के खिलाफ बनाया था।

पारी में कुल 62 बाउंड्री
इंग्लैंड की पारी में कुल 62 बाउंड्री (21 छक्के, 41 चौके) लगीं। उसने एक वनडे पारी में सबसे ज्यादा बाउंड्री शॉट का नया रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले रिकॉर्ड 59 बाउंड्री के साथ इंग्लैंड (16 छक्के, 43 चौके, बनाम पाकिस्तान, 2016 में) और श्रीलंका (03 छक्के, 56 चौके, बनाम नीदरलैंड्स, 2006 में) के नाम था।















































