बाराबंकी : बाराबंकी के रामनगर में सरयू नदी पर स्थित संजय सेतु के मरम्मत कार्य के चलते वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में बनाए गए पीपा पुल का शनिवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने आवागमन व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, यातायात नियंत्रण एवं आमजन की सुविधाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुल पर बैरिकेडिंग, पुलिस ड्यूटी प्वाइंट, वाहनों की आवाजाही और प्रकाश व्यवस्था की स्थिति देखी।
Also Read : चूल्हे की ‘चिंगारी’ बनी काल, छप्पर में सो रहे 3 साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पीपा पुल की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने पाया कि पुल के एक हिस्से में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था है, जबकि दूसरे हिस्से में रोशनी की कमी है। इस पर तत्काल अतिरिक्त लाइटें लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि रात के समय भी आवागमन सुरक्षित बना रहे।
डीएम और एसपी ने बढ़ते यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए वाहनों की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुल पर गति सीमा नियंत्रित रखी जाए और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए, जिससे जाम की स्थिति न उत्पन्न हो। साथ ही धूल की समस्या से राहत दिलाने के लिए नियमित पानी का छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि पुल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे और चौबीसों घंटे निगरानी व्यवस्था मजबूत बनाई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि संजय सेतु के मरम्मत कार्य के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सुरक्षा और सुविधा के मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी रामनगर, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।











































