शादी में हर्ष फायरिंग का विरोध करने पर युवक को मारी गोली, 4 आरोपी गिरफ्तार

फर्रुखाबाद : कायमगंज क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का विरोध करने पर एक युवक को गोली मार दी गई। इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। पुलिस ने मामले में तेज कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के अंदर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से रिवॉल्वर व भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।

घटना 23 अप्रैल को पटवन गली स्थित परमानंद की बगीची में हुई। यहां एक शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान कुछ लोग खुले आम हर्ष फायरिंग कर रहे थे। जब वादी राहुल कुमार के भाई गौरव कुमार ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। गुस्साए युवकों ने एकजुट होकर गौरव कुमार पर जानलेवा फायरिंग कर दी। गोली लगने से गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए।

Also Read : चूल्हे की ‘चिंगारी’ बनी काल, छप्पर में सो रहे 3 साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने 24 अप्रैल को मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की और 25 अप्रैल को टेड़ीकोन चौराहे से चार आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम सक्सेना उर्फ मल्लू, दीपू परिहार, प्रदीप कुमार और कुलदीप गौतम शामिल हैं।

पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से एक रिवॉल्वर, 59 जिंदा कारतूस (32 बोर), 12 कारतूस (.315 बोर), 10 कारतूस (12 बोर), 2 खोखा कारतूस, 4 शस्त्र लाइसेंस और दो स्कॉर्पियो गाड़ियां बरामद की हैं। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपराध कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि फायरिंग का विरोध करने पर गुस्से में आकर उन्होंने गौरव कुमार पर गोली चलाई थी। फायरिंग के बाद वे फरार हो गए थे और बाद में समझौते का दबाव बनाने पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

Also Read : मथुरा में शादी से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम

मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम सक्सेना उर्फ मल्लू पहले से ही हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामलों में नामजद हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस के अनुसार वह क्षेत्र में पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।

फर्रुखाबाद पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और शादी समारोह में हर्ष फायरिंग जैसी घटनाओं पर सख्ती से नकेल कसी जाएगी।

यह घटना एक बार फिर शादी जैसे खुशियों के मौके पर हर्ष फायरिंग की बढ़ती प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े करती है। फर्रुखाबाद पुलिस की इस तेज कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है, लेकिन लोग मांग कर रहे हैं कि शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग पर पूरी तरह रोक लगाई जाए और दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।