गैंग लीडर सहित 7 लुटेरे गिरफ्तार, ट्रेन-बस-स्टेशन पर यात्रियों को बनाते थे निशाना, यूपी से दिल्ली तक फैला नेटवर्क

गोरखपुर। गोरखपुर की कैंट पुलिस ने एक संगठित लुटेरों के गिरोह को पकड़ लिया है। गैंग लीडर मुकेश और अर्जुन सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाते थे। पुलिस ने इनके नेटवर्क को यूपी से दिल्ली और आगरा तक फैला हुआ बताया है।

कैसे काम करता था गिरोह?

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने पुलिस लाइन व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये लुटेरे 7-8 की संख्या में झुंड बनाकर चलते थे। बाहर से आने वाले यात्रियों की पहले पूरी रेकी करते थे। जब उनकी पूरी जानकारी मिल जाती थी तो सामान, पैसे और जेवर लूटकर फरार हो जाते थे। घटना के बाद वे एक-एक करके अलग हो जाते थे और बाद में चोरी का माल बांट लेते थे।

Also Read : बहराइच में बहन से मिलकर लौट रहे किशोर की सड़क हादसे में मौत, साथी गंभीर; शादी की तैयारी के बीच टूटा परिवार

कैंची और ब्लेड का इस्तेमाल

पुलिस के अनुसार ये लुटेरे कैंची और ब्लेड का इस्तेमाल करते थे। मुख्य आरोपी मुकेश गैंग का लीडर है, जिस पर पहले से 13 मुकदमे दर्ज हैं। पूरे गिरोह पर कुल 34 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इनमें दिल्ली NCR और आगरा के भी मामले शामिल हैं।

पुलिस की कार्रवाई

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों का अपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ अब नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इनके पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।

Also Read : फर्रुखाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मजदूर की मौत, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

यात्रियों के लिए चेतावनी

पुलिस ने आम यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन और बस अड्डों पर सतर्क रहें। सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।