2017 बैच के IAS आनंद वर्धन ने संभाला जिलाधिकारी का कार्यभार, अधिकारियों के साथ की विकास व कानून-व्यवस्था की समीक्षा

मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में नया जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने शनिवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। 2017 बैच के इस IAS अधिकारी ने पदभार ग्रहण करते ही अधिकारियों के साथ अहम बैठक की और जनपद की मौजूदा स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में दिए सख्त निर्देश

बैठक के दौरान जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की सभी योजनाओं को पारदर्शी और प्रभावी तरीके से धरातल पर लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


गोरखपुर GDA में किया था अच्छा काम

आनंद वर्धन इससे पहले 6 सितंबर 2023 से गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) में उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। उनके कार्यकाल में खोराबार टाउनशिप, गोरक्ष एन्क्लेव, ग्रीनवुड आवासीय योजना, राप्तीनगर विस्तार टाउनशिप और स्पोर्ट्स सिटी जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिली। उन्होंने गोरखपुर के शहरी विकास को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई।

इससे पहले वे नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRCL) में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

Also Read : यूपी में स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर बड़ा यू-टर्न, अब पोस्टपेड जैसा होगा सिस्टम; ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का अहम फैसला

नई जिम्मेदारी पर बोले DM

नए जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने कहा कि मऊ जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना, विकास कार्यों में तेजी लाना और आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।

उनके कार्यभार संभालने से मऊ जनपद में प्रशासनिक कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय स्तर पर नए DM के स्वागत में उत्साह का माहौल है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)