गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए एक सराहनीय पहल की है। विश्वविद्यालय द्वारा जनपद के दो राजकीय संप्रेषण गृहों को डिजिटल सशक्तिकरण के उद्देश्य से कुल पाँच कंप्यूटर सेट प्रदान किए गए।
समारोह में हुई कंप्यूटर सेटों की अर्पण
बुधवार को अपराह्न 1:00 बजे विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती सभागार में ‘हस्तांतरण एवं अर्पण समारोह’ आयोजित किया गया। कार्यवाहक कुलपति प्रो. वी. के. गिरी की अध्यक्षता में संपन्न इस कार्यक्रम में पादरी बाजार स्थित ‘राष्ट्रीय संप्रेषण गृह यूनिट-1’ को तीन कंप्यूटर तथा सूर्य विहार कॉलोनी, सूरजकुंड स्थित ‘यूनिट-2’ को दो कंप्यूटर सेट सौंपे गए।
जिला प्रशासन के अधिकारी रहे उपस्थित
समारोह में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे। जिला प्रोबेशन अधिकारी समर बहादुर सरोज, जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी अभिनव कुमार मिश्र और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार मौर्य की गरिमामयी उपस्थिति रही।
उद्देश्य: बच्चों का तकनीकी विकास
विश्वविद्यालय का उद्देश्य संप्रेषण गृहों में रह रहे बच्चों को सूचना प्रौद्योगिकी से जोड़ना और उनके शैक्षिक एवं तकनीकी कौशल को विकसित करना है। इस पहल से बच्चों को आधुनिक शिक्षा और डिजिटल संसाधनों तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी।
विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने सराहा
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अकादमिक अधिकारी एवं शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। ‘विस्तार, क्षेत्र आउटरीच एवं पूर्व छात्र संबंध’ के अधिष्ठाता प्रो. बी. के. पांडे, एसोसिएट डीन डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. सत्य प्रकाश मौर्य, डॉ. रोहित बाबू, डॉ. नेहा मिश्रा एवं डॉ. शलभ कुमार मिश्रा ने इस पहल की सराहना की और इसे वंचित वर्ग के बच्चों के विकास की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम बताया।
इस समारोह के माध्यम से मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने अपने सामाजिक दायित्व को पूरा करने की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण पेश किया है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































