‘पहले गाड़ी रुकवाई फिर गोलियों से भूना…’, बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या

Suvendu Adhikari PA Murder: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद राजनीतिक तनाव के बीच हिंसा की एक और गंभीर घटना सामने आई है। उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में बुधवार देर रात भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश जारी है।

कैसे हुआ हमला?

जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ अपनी सफेद स्कॉर्पियो से कोलकाता स्थित घर लौट रहे थे। जब उनकी गाड़ी जेसोर रोड के पास दोहरिया इलाके से गुजर रही थी, तभी एक कार ने उनका रास्ता रोकने की कोशिश की। जैसे ही वाहन धीमा हुआ, चार मोटरसाइकिलों पर सवार करीब आठ हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने बेहद करीब से कई गोलियां चलाईं, जिससे मौके पर ही चंद्रनाथ रथ की मौत हो गई।

Also Read : रोने दीजिए, खत्म पूरा खत्म…’, TMC के आरोपों पर भड़के सुवेंदु अधिकारी

ड्राइवर गंभीर रूप से घायल

इस हमले में चंद्रनाथ रथ के ड्राइवर बुद्धदेव बेरा भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, उन्हें तीन गोलियां लगी हैं और फिलहाल कोलकाता के अपोलो अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और घटना की हर पहलू से जांच कर रही है।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

इस सनसनीखेज हत्या के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने घटना को राजनीतिक हिंसा से जोड़ते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Also Read : Bengal Results 2026: TMC पीछे, BJP आगे! क्या बदल जाएगी सत्ता?

टीएमसी ने भी जताई चिंता

तृणमूल कांग्रेस ने भी चंद्रनाथ रथ की हत्या की कड़ी निंदा की है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में इस घटना को बेहद दुखद बताया। साथ ही टीएमसी ने आरोप लगाया कि चुनाव के बाद पिछले कुछ दिनों में उसके कई कार्यकर्ताओं पर भी हमले हुए हैं। पार्टी का दावा है कि इन घटनाओं में भाजपा समर्थकों का हाथ हो सकता है। टीएमसी ने यह भी कहा कि राज्य में अभी आदर्श आचार संहिता लागू है, इसके बावजूद हिंसा की घटनाएं चिंता का विषय हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)