कानपुर के सरसौल इलाके में रविवार को एसएससी जीडी परीक्षा के दौरान भारी बवाल देखने को मिला। अभ्यर्थियों ने एक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर पेपर लीक और धांधली के गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। गुस्साए छात्रों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए महाराजपुर हाईवे जाम कर दिया, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस और छात्रों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी हुई।
समय से पहले छात्रों को अंदर बुलाने का आरोप
घटना सरसौल स्थित श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन सेंटर की बताई जा रही है। यहां दोपहर 1 बजे की शिफ्ट में परीक्षा आयोजित थी। अभ्यर्थियों का आरोप है कि कुछ चुनिंदा छात्रों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश दिया गया। बाहर इंतजार कर रहे छात्रों को जब यह जानकारी मिली कि अंदर पहले ही प्रश्नपत्र बांटे जा चुके हैं, तो उन्होंने परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए विरोध शुरू कर दिया।
Also Read: SSC ऑनलाइन परीक्षा में धांधली! ग्रेटर नोएडा में STF की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार
परीक्षा कक्ष से बाहर निकाले गए अभ्यर्थी
विवाद बढ़ता देख परीक्षा केंद्र प्रबंधन ने परीक्षा दे रहे छात्रों को भी परीक्षा कक्ष से बाहर निकाल दिया। इस कार्रवाई से अभ्यर्थियों का गुस्सा और भड़क गया। बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा रद्द करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर हाईवे पर बैठ गए। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
पुलिस और छात्रों के बीच बढ़ा तनाव
हाईवे जाम की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर डटे रहे। इस दौरान कई बार पुलिस और छात्रों के बीच नोकझोंक हुई। काफी देर तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया और धीरे-धीरे यातायात बहाल कराया।
Also Read: NEET परीक्षा की नई तारीख घोषित, 21 जून को होगा एग्जाम, जल्द आएगा एडमिट कार्ड
जांच के दायरे में परीक्षा केंद्र
घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार परीक्षा केंद्र के संचालन, सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों की भूमिका की जांच की जाएगी। फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

















































