RE-NEET से पहले NTA की बड़ी चूक! नागपुर के छात्र को मिला अबूधाबी का परीक्षा केंद्र

देशभर में 21 जून को आयोजित होने वाले RE-NEET EXAM से पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) एक बार फिर विवादों में घिर गई है। परीक्षा में शामिल होने जा रहे 22 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के बीच नागपुर के छात्र अब्दुल्ला मोहम्मद का मामला चर्चा का विषय बन गया है। इस घटना ने परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और व्यवस्थाओं पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

नागपुर के छात्र को मिला अबूधाबी का परीक्षा केंद्र

नागपुर निवासी अब्दुल्ला मोहम्मद को 21 जून की NEET पुनर्परीक्षा के लिए हैरान कर देने वाला परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया। छात्र ने आवेदन के दौरान नागपुर, वर्धा और भंडारा को अपनी प्राथमिक पसंद के रूप में चुना था, लेकिन NTA ने उसे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबूधाबी में परीक्षा केंद्र दे दिया। इस अप्रत्याशित आवंटन से छात्र और उसका परिवार परेशान हो गया।

Also Read: ‘दोबारा परीक्षा देने की हिम्मत नहीं…’, NEET पेपर लीक ने छीन ली एक और जिंदगी

पासपोर्ट तक नहीं, विदेश जाना असंभव

अब्दुल्ला ने बताया कि उसके पास पासपोर्ट भी नहीं है, ऐसे में महज एक-दो दिनों के भीतर पासपोर्ट और वीजा बनवाकर विदेश जाकर परीक्षा देना संभव नहीं है। परीक्षा में केवल एक दिन का समय शेष होने के कारण परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है और जल्द समाधान की उम्मीद कर रहा है।

हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद NTA ने मानी तकनीकी गलती

मामले की जानकारी मिलने के बाद छात्र ने NTA की हेल्पलाइन पर संपर्क किया। शिकायत के बाद अधिकारियों ने इसे तकनीकी त्रुटि स्वीकार करते हुए भरोसा दिलाया कि संशोधित प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा। हालांकि नया एडमिट कार्ड मिलने तक छात्र और उसके परिजनों की चिंता बनी हुई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)