UP: लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड के बाद रायबरेली जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने शहर में बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के संचालित हो रहे कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू की। मंगलवार को संयुक्त टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी कर 12 संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
अधिकारियों की संयुक्त टीम ने किया व्यापक निरीक्षण
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर एडीएम (प्रशासन) सिद्धार्थ, एएसपी आलोक सिंह, एडीएम न्यायिक एवं आरडीए सचिव विशाल कुमार यादव की अगुवाई में विशेष टीम गठित की गई। अधिकारियों ने कोचिंग संस्थानों का भौतिक निरीक्षण कर फायर एक्सटिंग्विशर, आपातकालीन निकास द्वार, बिजली व्यवस्था, भवन की सुरक्षा और छात्रों की संख्या के अनुसार उपलब्ध सुविधाओं की गहन जांच की। कई स्थानों पर सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई।
12 कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरियों पर चला प्रशासन का ताला
जांच के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले 12 संस्थानों को मौके पर ही सील कर दिया गया। इनमें साईं क्लासेस, पैराडाइज एकेडमी, साज कंप्यूटर, जय गणेश, आईएएस अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ लैंग्वेज, साईं कोचिंग, टॉपर एकेडमी, सेल्फ स्टडी पॉइंट, अर्पण लाइब्रेरी, शिक्षा एकेडमी, यज्ञ करियर इंस्टीट्यूट और योग्यता कंप्यूटर इंस्टीट्यूट शामिल हैं। इसके अलावा कई अन्य संचालकों को तीन दिन के भीतर जरूरी सुरक्षा इंतजाम पूरे करने की चेतावनी दी गई है।
बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं: डीएम
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विद्यार्थियों की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही को अक्षम्य माना जाएगा।
Also Read: लखनऊ अग्निकांड की त्रासदी के पीछे किसकी लापरवाही? LDA जांच में 18 अधिकारी पाए गए दोषी
एनओसी के बिना नहीं चलेंगे कोचिंग संस्थान
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त किए बिना किसी भी कोचिंग सेंटर या लाइब्रेरी को संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके लिए विशेष टीमें प्रतिदिन अभियान चलाकर संस्थानों की जांच करेंगी। जो संस्थान निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करेंगे या बिना पंजीकरण के संचालित पाए जाएंगे, उन्हें पूरी तरह बंद कराया जाएगा।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































