सहारनपुर: ‘ऑपरेशन दहन’ से नशा तस्करों में हड़कंप, 168.522 किलो नशीले पदार्थ नष्ट, तस्करों में मचा हड़कंप

सहारनपुर: पुलिस ने जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट से संबंधित 51 मुकदमों में जब्त किए गए 168.522 किलोग्राम मादक पदार्थों का विनष्टीकरण कराया। यह पूरी प्रक्रिया न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप संपन्न की गई। पुलिस का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य जब्त नशीले पदार्थों का सुरक्षित निस्तारण कर उनके दोबारा अवैध उपयोग की संभावना को खत्म करना है।

वैज्ञानिक प्रक्रिया से किया गया विनष्टीकरण

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी में मेरठ स्थित सिनर्जी वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड की इंसुलेटर भट्टी में सभी मादक पदार्थों को वैज्ञानिक मानकों के अनुसार नष्ट किया गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया।

Also Read: UP: स्मैक तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, अमेठी में 65 ग्राम स्मैक के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार

गांजा, चरस, स्मैक और डोडा पोस्त समेत कई पदार्थ किए नष्ट

पुलिस के अनुसार विनष्ट किए गए मादक पदार्थों में 2 किलोग्राम गांजा, 5.09 किलोग्राम चरस, 42 ग्राम स्मैक, 160.4 किलोग्राम डोडा पोस्त और 990 ग्राम नशीली गोलियां शामिल थीं। कुल मिलाकर 168.522 किलोग्राम प्रतिबंधित नशीले पदार्थों का सुरक्षित तरीके से निस्तारण किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी हुई प्रक्रिया

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात शैलेंद्र श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी देवबंद शैलेंद्र कुमार गौतम, जीआरपी के क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक डीसीआरबी अविनाश गौतम, प्रभारी निरीक्षक जीआरपी सहित जिले के सभी थानों के हेड मोहर्रिर मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से अंजाम दिया गया।

Also Read: ससुराल बना कुरुक्षेत्र, ‘खून के प्यासे’ सास-ससुर ने दामाद को सरेराह चाकुओं से गोदा, दर्दनाक मौत

नशे के खिलाफ अभियान रहेगा लगातार जारी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘ऑपरेशन दहन’ का मुख्य उद्देश्य न्यायालयों में लंबित जब्त माल का समयबद्ध निस्तारण करना और नशीले पदार्थों की दोबारा तस्करी या अवैध उपयोग की आशंका को समाप्त करना है। सहारनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)