UP: अमेठी के कोतवाली क्षेत्र स्थित रणवीर नगर जंगल रामनगर गांव में 19 वर्षीय काजल की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार सुबह उसका शव घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे और गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे थे। इसी बीच ग्रामीणों ने झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पोस्टमार्टम में दम घुटने से मौत की पुष्टि
शव का पोस्टमार्टम कराने पर स्पष्ट हुआ कि युवती की मौत दम घुटने के कारण हुई थी। इसके बाद मृतका के पिता की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सरवनन टी. के निर्देश पर 10 टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से युवती का मोबाइल फोन नहीं मिला, जिसके बाद इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, कॉल डिटेल और तकनीकी विश्लेषण के जरिए जांच को आगे बढ़ाया गया।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, मिलने के बाद हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि काजल और आरोपी सुरजीत की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोनों के बीच काफी समय से बातचीत चल रही थी। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात सुरजीत गांव पहुंचा और फोन कर काजल को मिलने के लिए बुलाया। मुलाकात के दौरान उसने युवती पर अपने साथ चलने का दबाव बनाया। जब काजल ने इससे इनकार किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उसका मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
48 घंटे की तलाश के बाद दिल्ली से दबोचा गया आरोपी
हत्या के बाद आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस लगातार उसकी लोकेशन ट्रैक कर रही थी। करीब 48 घंटे के अभियान के बाद पुलिस ने उसे दिल्ली के कमला नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
परिस्थितिजन्य और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए
पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी सरवनन टी. ने बताया कि जांच के दौरान हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण परिस्थितिजन्य और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।














































