मथुरा : आज तहसील कार्यालय गोवर्धन में आयोजित ‘तहसील दिवस’ के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला उपाध्यक्ष राजकुमार नैन के नेतृत्व में दर्जनों किसानों ने क्षेत्र की गंभीर और लंबे समय से लंबित समस्याओं को लेकर जोरदार आवाज उठाई.
संगठन के पदाधिकारियों और किसानों ने एडीएम प्रशासन (ADM Administration) की मुख्य मौजूदगी में, उपजिलाधिकारी (SDM) गोवर्धन एवं समस्त प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष एक संयुक्त ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की. ज्ञापन देते समय जिला उपाध्यक्ष के साथ संगठन के प्रमुख कार्यकर्ता और किसान मौके पर मुस्तैद रहे.
अधिकारियों की अनदेखी पर फूटा आक्रोश
एडीएम प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए भाकियू जिला उपाध्यक्ष राजकुमार नैन ने अवगत कराया कि राधाकुण्ड क्षेत्र में भू-माफियाओं द्वारा ड्रेन और सरकारी नाला गाटा संख्या 1767 पर अवैध कब्जे किए गए हैं. इस संबंध में मण्डलायुक्त महोदय के कड़े निर्देश पर जिलाधिकारी मथुरा द्वारा विकास प्राधिकरण के सचिव, सिंचाई विभाग के एक्सियन, जल निगम के एक्सियन और एसडीएम गोवर्धन की एक उच्च स्तरीय टीम गठित की गई थी, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी इस टीम ने धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की.
इसके साथ ही राधाकुण्ड बाईपास पर पीडब्ल्यूडी (PWD) द्वारा पुलिया निर्माण का कार्य अभी तक अधूरा पड़ा है, और कुछ स्थानों पर भू-माफियाओं ने मिट्टी डालकर पुलियाओं को बंद कर दिया है, जिससे क्षेत्र में जलभराव की विकराल स्थिति बन गई है.
अड़ींग और सिंगापट्टी की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया
किसानों ने तहसील दिवस में अन्य ग्रामीण समस्याओं को उठाते हुए कहा कि ग्राम पंचायत अड़ींग में पिछले काफी समय से पीने के पानी में दूषित और गंदा जल आ रहा है, जिससे ग्रामीणों का स्वास्थ्य खतरे में है. साथ ही जल निकासी व साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी तरह ठप है. ग्राम पंचायत सिंगापट्टी (ग्राम अड्डा) में आबादी के बीच बनी सरकारी पक्की नाली को एक दबंग व्यक्ति द्वारा पिछले एक साल से ईंट-पत्थर और मिट्टी डालकर बंद किया गया है. लगातार एक साल से शिकायत करने के बावजूद स्थानीय प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है, जिसके कारण रास्तों और घरों के आसपास गंदा पानी भरा रहता है.
4 दिनों का अल्टीमेटम: अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
भाकियू नेताओं ने एडीएम प्रशासन के सामने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि आज सौंपे गए ज्ञापन पर अगले 4 दिनों के भीतर धरातल पर सकारात्मक और ठोस कार्रवाई शुरू नहीं की गई, तो भारतीय किसान यूनियन द्वारा तहसील प्रांगण गोवर्धन में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी.
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा
किसानों ने मांग की है कि भू-माफियाओं पर तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज हो, बंद पड़ी सरकारी नालियों और पुलियाओं को पुलिस बल के साथ खुलवाया जाए, और सरकारी नक्शे के अनुसार पैमाइश कराकर नगर पंचायत द्वारा तत्काल खुदाई कराई जाए.
इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित रहे राजकुमार नैन (जिला उपाध्यक्ष, मथुरा), अभिषेक चौधरी (तहसील मीडिया प्रभारी, गोवर्धन), राजपाल कुंतल (वरिष्ठ कार्यकर्ता)आदि कार्यकर्ता एवं किसान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे.













































