मथुरा : महावन तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्रामीण समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) भानु के जिलाध्यक्ष देवेंद्र पहलवान और बलदेव ब्लॉक की बीडीओ नेहा रावत के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. मौके पर मौजूद अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया.
बीकेयू जिलाध्यक्ष देवेंद्र पहलवान ने आरोप लगाया कि बलदेव ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नालियों की सफाई, जलभराव और गंदगी जैसी मूलभूत समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, लेकिन इनके समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीणों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
देवेंद्र पहलवान का आरोप है कि जब ग्रामीण अपनी शिकायत लेकर बीडीओ कार्यालय पहुंचते हैं तो उनकी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं किया जाता और फरियादियों के साथ उचित व्यवहार भी नहीं किया जाता.
उन्होंने बताया कि समाधान दिवस में वह किसानों और ग्रामीणों की समस्याएं लेकर पहुंचे थे. इसी दौरान मुद्दों को लेकर उनकी बीडीओ नेहा रावत से कहासुनी हो गई. उन्होंने प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की. विवाद बढ़ता देख उप जिलाधिकारी उषा सिंह और तहसीलदार जितेंद्र सिंह चाहर ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझाया, जिसके बाद मामला शांत हो गया.













































