UP: वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार शाम अपने दो दिवसीय प्रवास की शुरुआत सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक से की। इस दौरान उन्होंने शहर में संचालित विकास परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की स्थिति और कानून-व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। अधिकारियों को योजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
धार्मिक कार्यक्रम और निजी समारोह में होगी मौजूदगी
समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री का बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके अलावा वह प्रदेश के आयुष राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के पुत्र के विवाह समारोह में भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में ही प्रस्तावित है।
बुधवार को शिक्षकों के लिए नई स्वास्थ्य सुविधा की शुरुआत
दौरे के दूसरे दिन बुधवार सुबह मुख्यमंत्री दीनदयाल हस्तकला संकुल, बड़ालालपुर में आयोजित कार्यक्रम में बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के बाद वह पुलिस लाइन हेलीपैड से हेलीकॉप्टर के जरिए मिर्जापुर के लिए रवाना होंगे। प्रशासन ने इस कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बदली
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। इसके साथ ही शहर के कई प्रमुख मार्गों पर अस्थायी रूट डायवर्जन लागू किया गया। अमर उजाला तिराहा, लहुराबीर, कचहरी, मैदागिन, गोदौलिया, भोजूबीर, लहरतारा और हरहुआ ओवरब्रिज सहित कई इलाकों में वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया। ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की।
नगर निगम ने सफाई और व्यवस्थाओं पर बढ़ाई निगरानी
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर नगर निगम भी पूरी तरह सक्रिय नजर आया। नगर आयुक्त ने स्वयं प्रस्तावित मार्गों का निरीक्षण कर सफाई, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण हटाने और आवारा पशुओं को सड़कों से हटाने के निर्देश दिए। पूरे वीवीआईपी रूट पर तीन शिफ्ट में सफाई अभियान चलाया गया, जबकि प्रवर्तन टीम ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाकर मार्ग को व्यवस्थित बनाया।














































